Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः राष्ट्रीय लोक दल! अवध-पूर्वांचल में संगठन विस्तार की तैयारी, लखनऊ में जयंत चैधरी का भव्य अभिनंदन



लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जयंत चैधरी के लखनऊ आगमन पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स ऑडिटोरियम में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की मेजबानी राष्ट्रीय लोक दल के सदस्य, शिक्षक नेता एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बी.के. शुक्ला ने की।

समारोह में रालोद के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षक समुदाय, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जयंत चैधरी का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर बी.के. शुक्ला ने जयंत चैधरी को चांदी का मुकुट, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व रालोद के संस्थापक एवं महान किसान नेता स्वर्गीय चैधरी चरण सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चैधरी अजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का अवसर

समारोह को संबोधित करते हुए जयंत चैधरी ने इस आयोजन को पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने रालोद की संगठनात्मक प्राथमिकताओं, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हुए समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद स्थापित करें और पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को व्यापक स्तर तक पहुंचाएं।

जयंत चैधरी ने कहा कि रालोद का मजबूत राजनीतिक आधार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहा है, लेकिन अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी संगठनात्मक विस्तार एवं जनसंपर्क को नई गति देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी होने के साथ-साथ अवध और पूर्वांचल के साथ व्यापक राजनीतिक एवं सामाजिक संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र है।

जयंत चैधरी ने किसानों, युवाओं, शिक्षकों तथा समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित न रहें, बल्कि जनता के बीच निरंतर उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को समझें तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर जयंत चैधरी ने बी.के. शुक्ला द्वारा आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा रालोद से जुड़कर संगठन को मजबूत करने के उनके निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अनुभवी शिक्षक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का पार्टी से जुड़ना संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। उनके संबोधन के दौरान सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया और रालोद के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

राष्ट्रीय लोक दल के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश लंबे समय से मजबूत राजनीतिक आधार रहा है। अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपनी संगठनात्मक उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में सक्रियता बढ़ा रही है। लखनऊ में आयोजित यह समारोह इसी व्यापक संगठन विस्तार और नए क्षेत्रों में जनसंपर्क को गति देने के प्रयास के रूप में महत्वपूर्ण रहा। शिक्षक नेता बी.के. शुक्ला द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक समुदाय, युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी ने भी पार्टी के व्यापक जनसंपर्क अभियान को नई दिशा देने का संदेश दिया।

अपने स्वागत संबोधन में बी.के. शुक्ला ने रालोद के साथ अपनी नई राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए पार्टी की विचारधारा एवं किसान, युवा, शिक्षक तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लखनऊ और अवध क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने तथा रालोद के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का उत्साहवर्धन किया और संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

रालोद के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

राष्ट्रीय लोक दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों एवं संगठनात्मक विस्तार को लेकर अपने विचार रखे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष (कार्यकारी) अनुपम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में बी.के. शुक्ला ने मुख्य अतिथि जयंत चैधरी, मंचासीन वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। रालोद के नारों एवं सामूहिक अभिवादन के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों के लिए दोपहर भोज का आयोजन भी किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |