कोटा में कोचिंग छात्रा ने दी जान, बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव
August 26, 2026
कोटा के लैंडमार्क सिटी इलाके में NEET की तैयारी कर रही एक 20 वर्षीय छात्रा ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। छात्रा खुशबू पटेल मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली थी और अपनी छोटी बहन खुशी के साथ कोटा में रह रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। मंगलवार शाम जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब बहन ने सहेली और आसपास के लोगों को बुलाया। दरवाजा तोड़ने पर छात्रा फंदे पर लटकी मिली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि खुशबू पटेल और उसकी बहन खुशी 2023 से कोटा में रहकर निजी कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर रही थीं। खुशबू नीट की तैयारी कर रही थी, जबकि उसकी छोटी बहन जेईई की तैयारी कर रही है। दोनों बहनों ने जुलाई में ही लैंडमार्क सिटी में किराए पर फ्लैट लिया था। मंगलवार शाम खुशी कोचिंग से वापस फ्लैट पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अपनी सहेली को फोन कर बुलाया और मल्टी स्टोरी के लोगों को भी जानकारी दी।
इसके बाद फ्लैट का लॉक खुलवाया गया। अंदर खुशबू फंदे पर लटकी मिली। यह देख वहां अफरा तफरी मच कई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया और घटना की जानकारी परिजनों को छतरपुर में दी गई। परिजनों के कोटा आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और छात्रा की मौत को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर सुसाइड की वजह क्या है।
वहीं, आपको बता दें कि हाल ही में कोटा में नीट की तैयारी कर रही 17 साल की छात्रा दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रा के नीचे गिरने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। यह घटना भी लैंडमार्क सिटी की है।
