लखनऊ। मोहनलालगंज थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए गाड़ी में तोड़फोड़ के वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को संरक्षण में लेकर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त की रात 5 से 6 लोगों द्वारा गाड़ी का शीशा तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मैनुअल सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करन, सचिन और आदित्य उर्फ लकी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की है। वहीं, तीन नाबालिगों को संरक्षण में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को हिदायत के बाद सुपुर्द किया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज राम बाबू सिंह के नेतृत्व में थाना मोहनलालगंज पुलिस टीम द्वारा की गई।
