3 शादियां कर चुके अनूप जलोटा ने खोला निजी जिंदगी का सबसे बड़ा राज! 'कुंडली में पत्नी का सुख नहीं है..
August 31, 2026
मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने कई बॉलीवुड फिल्मों के गानों को भी आवाज दी है. अपनी सुरीली और मखमली आवाज से लाखों दिलों पर राज करने वाले अनूप जलोटा ने अपनी गायकी के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ से भी खूब सुर्खियां बटोरी है. तीन-तीन शादी करने के बावजूद अनूप 73 साल की उम्र में अकेले जीवन जी रहे हैं. अब उन्होंने एबीपी न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि उन्हें ये पहले से ही पता था कि उनकी लाइफ में पत्नी का सुख नहीं है.
इंटरव्यू में अनूप जलोटा से कहा गया था कि आपकी इंडस्ट्री के लोग कहते हैं कि आप बड़े रंगीन मिजाज के है, आपको इसा लगता है? इस पर अनूप ने कहा,' रंगीन तो मैं हूं. लेकिन मैं रंगीन किस तरह हूं, मैं बहुत प्यारी जिंदगी गुजारना पसंद करता हूं. मेरे घर में महफिलें होना चाहिए, खूब संगीत होना चाहिए. जितनी महफिलें मेरे यहां होती हैं, किसी और कलाकार के यहां नहीं होती है. मैं सारे कलाकारों के यहां जाता हूं, बैठता हूं, गाता-बजाता हूं.'
आगे सिंगर ने अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात की. उन्होंने कहा, 'हुआ क्या कि मेरा पहला तलाक हुआ और लोगों को कहने का मौका मिल गया कि ये भजन गाते हैं, जिंदगी में क्या हो रहा है. दूसरा भी हुआ. मेरे पिता जी ने मुझसे कहा कि ये मेरी शिष्या है इससे शादी करो, मैंने की. नहीं बात बनी और मौका मिल गया कहने का. तीसरा विवाह हुआ. उसको हार्ट की प्रॉब्लम हुई और उनका निधन हो गया. लोगों को और मौका मिल गया कि तीन विवाह करके बैठे हैं अरे तीन विवाह कैसे हो गए? एक टाइम पर तो एक ही है. इसको तीन ववाह कहते हैं? क्या इसको ये कहते हैं कि तीन बीवियां हैं? है तो एक ही.
अब हम बैठकर रोते रहे कि मेरे साथ अच्छा नहीं हुआ. जो हुआ सो हुआ. सच ये है कि मेरी पत्री (कुंडली) में है. मेरी कितने लोगों ने पत्री देखी और उन्होंने सबने कहा कि ये जो चार ग्रह है, ऐसे बैठे हुए हैं कि पत्नी सुख है ही नहीं. फिर भी हम कोशिश करते रहे.' अनूप से आगे पूछा गया कि ये बात आपको कब से पता थी? इस पर उन्हने कहा, 'शुरू से. थर्ड जो मेधा वाला हुआ ना उसके जाने के बाद मुझे लगा कि अब हो गया.'
अनूप जलोटा की पहली शादी सोनाली सेठ से हुई थी. लेकिन, बाद में उनका तलाक हो गया. सिंगर ने दूसरी शादी बीना भाटिया से की थी और ये रिश्ता भी टिक नहीं पाया. दो तलाक के बाद अनूप की तीसरी शादी भारत के पूर्व पीएम इंद्र कुमार गुजराल की भतीजी मेधा गुलजार से हुई थी. साल 2014 में मेधा का निधन हो गया था.
