Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमरावती महिला अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग की लपटें, 3 नवजात बच्चों की मौत


महाराष्ट्र के अमरावती में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ है। यहां जिला महिला अस्पताल के बेबी वार्ड में आग लगने से 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, तड़के करीब 3:30 बजे अचानक वेंटिलेटर में विस्फोट होने के बाद आग लगी। आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की तत्परता से कई बच्चों की जान बचा ली गई।

अमरावती जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग (NICU) में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक वेंटिलेटर में विस्फोट होने से आग लग गई। आग में झुलसने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हालांकि कई नवजात बच्चों की जान बचाने में अस्पतालकर्मियों को सफलता मिली है।

इस अस्पताल में कुल 39 नवजात बच्चों को रखा गया था। आग लगने के बाद सभी को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इनमें से 6 बच्चों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। बड़ी बात यह है कि नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग करीब एक साल पहले ही शुरू किया गया था। इतने कम समय में आग की घटना सामने आने से अस्पताल की अग्निसुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

NICU में समय से पहले जन्मे, कम वजन वाले और गंभीर स्थिति में भर्ती नवजात बच्चों का इलाज किया जाता है। आग की चपेट में आने से कुछ शिशुओं के हाथ-पैर झुलसने की जानकारी सामने आई है। इन बच्चों को तत्काल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना को लेकर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, अमरावती के जिला महिला अस्पताल में कल रात लगी आग में तीन बच्चों की मौत की घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। हम उनके परिवारों के दुख में सहभागी हैं। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश स्वास्थ्य प्रशासन को दिए गए हैं। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री और सचिव, दोनों को आज ही अमरावती जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।

आगे उन्होंने बताया, मृत बच्चों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर कराने के निर्देश भी अमरावती के जिलाधिकारी को दिए गए हैं। सौभाग्य से इस घटना में 36 बच्चों को सुरक्षित बचाने में सफलता मिली।

बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में जिला अस्पताल के चाइल्ड में एक वार्मर मशीन में आग लगने से तीन नवजात झुलस गए थे। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई। करीब 2 बजे एक वार्मर मशीन में अचानक स्पार्किंग के बाद आग लग गई। तीनों घायल नवजातों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |