Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 30 आपदा मित्र तैनात


अमेठी। सावन माह में दण्डेश्वर महादेव मंदिर, कोछित में उमड़ रही श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में मंदिर परिसर एवं घाटों पर 30 आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। आपदा मित्रों का मुख्य दायित्व घाट पर जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकना तथा किसी भी आकस्मिक घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक अमेठी द्वारा सावन के सोमवारों पर दण्डेश्वर महादेव मंदिर के घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत आपदा मित्रों की तैनाती का अनुरोध जिलाधिकारी से किया गया था। इसके अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा 30 आपदा मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें कुछ स्थानीय कुशल तैराक भी शामिल हैं, जबकि अन्य आपदा मित्र प्राथमिक चिकित्सा, राहत एवं बचाव कार्यों का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। आपदा मित्र मंदिर प्रशासन को भीड़ प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं में भी निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन ने बताया कि प्रशिक्षित आपदा मित्रों की सेवाओं का उपयोग आगामी सावन सोमवारों तथा अन्य प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तैनात आपदा मित्रों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल संपर्क करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |