Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ट्रक में फंसा युवती का बैग, 20 मीटर तक घिसटती रही स्कूटी! हुई मौत


उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में चकेरी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 25 साल की युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर जा रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक में युवती का बैग फंस गया। बैग के ट्रक में फंसते ही स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिरकर करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुकने के बजाय कुछ दूर स्थित पेट्रोल पंप पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चकेरी निवासी रामबाबू चौरसिया प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनके परिवार में चार बेटे और एक बेटी है। उनकी बेटी नेहा रावतपुर स्थित एक पैथोलॉजी सेंटर में नौकरी करती थी। 7 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे नेहा अपने सहकर्मी आशीष के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। स्कूटी आशीष चला रहा था, जबकि नेहा पीछे बैठी हुई थी। दोनों देहली सुजानपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक के गुजरते समय नेहा का बैग उसमें फंस गया। बैग खिंचने के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद वे ट्रक के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस और परिवार के लोगों ने तत्काल घायल नेहा और आशीष को कोयला नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन नेहा की हालत बेहद गंभीर थी। कई घंटे इलाज चलने के बाद रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं, आशीष की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है।

हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस के अनुसार, चालक कोयला नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की पहचान कर उसे पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है। चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 8 अगस्त को नेहा के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बेटी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, ट्रक चालक की लापरवाही और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |