अमेठीः सांप के काटने से 14 वर्षीय बालिका की मौत
August 08, 2026
अमेठी। कोतवाली अमेठी क्षेत्र के गुगवाछ गांव में अपने नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रही 14 वर्षीय बालिका की देर रात सांप के काटने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बालिका की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव निवासी कपिलकांत शुक्ला की 14 वर्षीय पुत्री कीर्ति अपने नाना के घर गुगवाछ गांव में रहकर पढ़ाई करती थी। बताया जा रहा है कि देर रात घर में अचानक सांप ने उसे काट लिया। सांप के काटने की जानकारी होते ही नाना के घर में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने बालिका का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कीर्ति को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कीर्ति की मौत की सूचना उसके पैतृक गांव तिवारीपुर स्थित घर पर भी दी गई। सूचना मिलते ही पिता कपिलकांत शुक्ला समेत परिवार के अन्य लोग गुगवाछ पहुंच गए। ननिहाल और पैतृक परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार कीर्ति पढ़ाई में रुचि रखती थी और नाना के घर रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। अचानक सांप के काटने से उसकी मौत की खबर से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
