मुंबई के विलेपार्ले में बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 11वीं मंजिल पर फंसे पांच लोग
August 12, 2026
मुंबई के विलेपार्ले इलाके में मंगलवार देर रात एक रिहायशी इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर मौके पर दमकल की एक दर्जन गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की। फायर ब्रिगेड की टीम ने 11वीं मंजिल के फ्लैट में फंसे 6 लोगों को रेस्क्यू किया, जिनमें तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए नानावती अस्पताल भेजा गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया लेकिन इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। आग की वजह से ढाई साल का एक बच्चा और 23 साल की एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना विलेपार्ले पश्चिम में स्थित शांता भवन बिल्डिंग, चर्च रोड स्थित सेंट जेवियर स्कूल के पास रात करीब 10 बजे हुई। नानावटी अस्पताल की CMO डॉ. मुग्धा के मुताबिक, 6 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली थी। इनमें से 2 को अस्पताल लाने पर मृत घोषित किया गया। मृतकों की पहचान ढाई साल के अबीर और 23 साल की अंकिता के रूप में हुई है। घायलों में पार्थ (32), हीरेन (64), यशस्वी और अभिषेक शामिल हैं। इन सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
