Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

10 हजार युवाओं को नौकरी देंगे, प्रशांत किशोर ने मांगा बायोडाटा


जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर के नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में गए और लोगों से मिले, उनकी समस्याओं को जाना और अपनी बातें भी रखी। इस दौरान युवाओं को रोजगार देने पर प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया। आभार सभा में PK ने कहा कि बहुत लोगों को लग रहा था कि जीत कर ये 4-5 दिनों से कहां घूम रहे थे? मैं उन्हीं का काम कर रहा था। आपका बच्चा पढ़ा है, तो उसका बायोडाटा मेरे ऑफिस में दीजिए, कम से कम 10 हजार बच्चों को यहां से नौकरी लगाने की व्यवस्था तुरंत करेंगे। बिहार के किसी विधानसभा क्षेत्र से अगर सबसे ज्यादा किसी को नौकरी मिलेगी, तो बांकीपुर के लोगों को ही मिलेगी, ये आप लिखकर रखिए। देशभर में जितना भी हमारा संबंध है, उन सबसे मैंने कहा है कि बिहार के लोगों को नौकरी दीजिए। वहीं, जब जन सुराज की व्यवस्था बिहार में बनेगी, तो यकीन मानिए आपके बच्चों को बाहर भी कमाने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।

यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ में प्रशांत किशोर ने कहा कि इस बार लोगों की ऐसी आशा है कि प्रशांत किशोर जीतकर आए हैं, तो हमारा जीवन बदलेगा। लोगों का जीवन तभी बदलेगा तब पढ़ाई-रोजगार होगा। आप तीन महीने का समय दीजिए, यहां राशन कार्ड बनाने के लिए कोई 1 रुपये घूस नहीं ले सकता है। जिसका भी राशन कार्ड है, उसे 5 किलो अनाज मिलेगा, 4 किलो नहीं मिलेगा। 60 वर्ष से अधिक जिनका उम्र है, जिन्हें 1100 रुपये पेंशन नहीं मिल रहा, वे मेरे कार्यालय में आवेदन दें, हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें निश्चित तौर पर पैसे मिले। 5 किलो अनाज और 1100 रुपये पेंशन के लिए चिंता की जरूरत नहीं है, 3 महीने में इसे सुधार कर दिखाएंगे।

PK ने कहा कि हमने आपसे इस बात पर भी वोट मांगा था, यदि आप हमें वोट देंगे, तो यहां सम्राट चौधरी का नेतृत्व बदल जाएगा, सम्राट चौधरी जब बदलेंगे, तब बदलेंगे, लेकिन आप देख रहे होंगे कि उनके कामकाज का तरीका बदल गया है। जबसे बांकीपुर का रिजल्ट आया है बिहार में एनकाउंटर की बात नहीं हो रही, रोज पढ़ाई-रोजगार की बात हो रही है। ये आपके वोट की ताकत है। भरत तिवारी के नाम पर इतनी राजनीति हुई, कल ही खबर आई है कि जिन्होंने गोली चलाई उनमें 11 लोगों पर FIR हो गई। ये आपके वोट ने किया। जनता जग गई तो वो भी पढ़ाई-रोजगार की बात कर रहे हैं। कर पाएं या नहीं ये अलग बात है। हमने कहा था अगर आप बीजेपी को हराइएगा तो बिहार का मुख्यमंत्री पढ़ाई-रोजगार की बात करेंगे, वहीं उनका हटना तो तय है, आज हटें या 6 महीने के बाद।

उन्होंने आगे कहा कि साल भर के अंदर या तो सरकारी विद्यालय बहुत अच्छा हो जाएगा या यदि अच्छा नहीं हुआ तो सालभर के बाद आपका बच्चा प्राइवेट विद्यालय में पढ़ेगा, उसकी फीस का जिम्मा प्रशांत किशोर के जिम्मे रहेगा, उसके खर्च की चिंता आपको नहीं करनी है। इसमें साल भर का समय लगेगा। नौकरी, पढ़ाई, 1100 रुपये पेंशन और अनाज ये 4 चीजें निश्चित तौर पर हो जाएगा। अन्य समस्याओं के लिए मुझे समय दीजिए, ताकि मैं सरकार के साथ मिलकर काम कर सकूं।

कार्यक्रम के बाद पेपर लीक के विरोध में झारखंड में छात्रों के चल रले प्रदर्शन पर प्रशांत किशोर ने कहा कि छात्रों का विरोध प्रदर्शन जंतर मंतर, पटना में हुआ, झारखंड में हो रहा है। लोग पेपर लीक, ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी से परेशान हैं। बच्चे रोड पर उतरेंगे ही, दोषी नेता लाठी चलवा रहे हैं, ये आवाज दबने वाली नहीं है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |