दिल्ली में नहीं , UP-बिहार समेत 22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
July 14, 2026
देशभर में मॉनसून का असर दिख रहा है। कई राज्यों में हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में अगले कुछ घंटों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3-4 दिनों में बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत (जैसे असम, मेघालय) में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ, आंध्र प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में 15 जुलाई तक गर्म हवाएं चलने की आशंका है, जबकि ओडिशा और तमिलनाडु में मौसम काफी गर्म और उमस भरा रहेगा। बीते दिन मौसम विभाग ने 18 राज्यों के लिए बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया था।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ घंटों में देश के 22 राज्यों में पानी बरस सकता है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम और असम जैसे राज्य शामिल हैं।
दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब मौसम बदलने जा रहा है। 14 से 18 जुलाई के बीच दिल्ली में बारिश की उम्मीद बहुत कम है। हालांकि, आसमान में बादल आते-जाते रहेंगे, लेकिन धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा और लोगों को उमस परेशान करेगी।
