Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पहाड़ से मैदान तक आफत, दिल्ली-NCR में गर्मी से कब मिलेगी राहत?


देश भर में बारिश की वजह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी राज्यों तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों पर मानसून की तेज रफ्तार का बुरा असर देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक में बारिश की वजह से लैंडस्लाइड और कई जगहों पर सैलाब के मामले सामने आ रहे हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में आज भी रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं अमरनाथ और वैष्णो देवी की यात्राएं भी रोक दी गई हैं। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने यूपी और दिल्ली-एनसीआर में भी आज बारिश की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में बीते कई दिनों से उमस भरी गर्मी जारी है। हालांकि अब दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को उमस और हल्की बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हल्की बारिश के आसार व्यक्त किए हैं। हालांकि बारिश के बावजूद अभी भी गर्मी और उमस भरा मौसम रह सकता है।

वहीं यूपी की बात करें तो मौसम विभाग ने रविवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों के में बादल छाए रहने के आसार जताए हैं। हालांकि मौसम विभाग ने बीच-बीच में बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान भी जताया है। IMD ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश और कुछ अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं यूपी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी भी दी है। बता दें कि बारिश की वजह से यूपी की कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है।

एमपी में सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस मानसून में राज्य के 35 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के भोपाल कार्यालय के सीनियर मौसम वैज्ञानिक एस.एन. साहू ने बताया कि रविवार से मध्य प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जिन जिलों में कम बारिश हुई है, उनमें छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया और अलीराजपुर शामिल हैं। अन्य जिलों में बड़वानी, बैतूल, दतिया, धार, झाबुआ, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, श्योपुर, शिवपुरी, अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर और विदिशा शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बीती शाम हुई भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में जलभराव की वजह से गाड़ियों की रफ्तार थम गई। लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा। भारी बारिश की वजह से नदी नाले भी उफान पर आ गए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश का अनुमान जताया। मौमस विभाग के मुताबिक 27 जुलाई तक के लिए घाटी और जम्मू संभाग के कई जिलों में भारी बारिश, तेज बौछारों और गरज की चेतावनी दी गई है। जम्मू कश्मीर में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने एक बयान में कहा, ‘‘ मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भलाई के लिए एहतियाती कदम के तौर पर 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से श्री अमरनाथजी यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित रहेगी।" वहीं वैष्णो देवी यात्रा को रोकने की पुष्टि करते हुए जम्मू में एक अधिकारी ने कहा, "भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और भलाई के लिए एहतियात के तौर पर श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया जाएगा।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |