रिमझिम बारिश, स्कूलों की छुट्टी और भारी ट्रैफिक ने बढ़ाई परेशानी, आधे घंटे से अधिक समय तक थमा रहा शहर का यातायात
पीलीभीत। सोमवार दोपहर रिमझिम बारिश के बीच स्कूलों की छुट्टी होते ही शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गौहनिया चैराहे से लेकर नेहरू पार्क से आगे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि दूसरी ओर गौहनिया चैराहे से गौहनिया रेलवे फाटक तक सड़क पर भारी जाम की स्थिति बनी रही। इसके अलावा टनकपुर रोड पर गन्ना चैराहा होते हुए छतरी चैराहे तक भी वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि पूरा क्षेत्र जाम की चपेट में आ गया।
दोपहर करीब दो बजे विभिन्न स्कूलों की छुट्टी होने के बाद एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बसें, वैन, ई-रिक्शा, चार पहिया और दोपहिया वाहन सड़कों पर उतर आए। इसी दौरान हल्की बारिश के कारण वाहन चालकों की रफ्तार भी धीमी हो गई, जिससे देखते ही देखते शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। जाम में स्कूली वाहन भी फंस गए, जिससे बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि गौहनिया चैराहा, टनकपुर रोड, गन्ना चैराहा, छतरी चैराहा और नेहरू पार्क के आसपास चारों दिशाओं में वाहनों की लंबी-लंबी कतारें दिखाई देने लगीं। कई स्थानों पर मोटरसाइकिल सवार भी घंटों तक रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। जाम के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया और सड़कें पूरी तरह वाहनों से भर गईं।सबसे चिंताजनक बात यह रही कि टनकपुर रोड पर एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस के सायरन बजने के बावजूद वाहनों की लंबी कतार के कारण उसे आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था। इससे मौके पर मौजूद लोगों ने भी चिंता जताई और वाहन चालकों से रास्ता देने की अपील की।लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने चैराहों पर मोर्चा संभालते हुए एक-एक लेन से वाहनों को निकलवाया, सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया और यातायात को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत की। पुलिस के प्रयासों के बाद धीरे-धीरे जाम खुलना शुरू हुआ और कुछ समय बाद यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य हो सकी।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूलों की छुट्टी के समय शहर के प्रमुख चैराहों पर नियमित ट्रैफिक प्रबंधन और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि बारिश या अन्य परिस्थितियों में इस तरह के भीषण जाम से लोगों को राहत मिल सके। वहीं वाहन चालकों से भी अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़े न करें और जाम की स्थिति में धैर्य बनाए रखें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
