उत्तराखड । श्री देव सुमन साहित्य एवं कला स्मृति मंच के तत्वावधान में आयोजित श्री देव सुमन सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार सायं जिला मुख्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चैहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट (कक्षा 10 एवं 12) बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों में अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने ऐसे कर्मठ कार्मिक प्रशासन की रीढ़ हैं तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों से जनता का विश्वास शासन-प्रशासन में और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने सभी सम्मानित कार्मिकों को बधाई देते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अमर शहीद श्री देव सुमन के अद्वितीय त्याग, बलिदान और राष्ट्रहित में दिए गए संघर्षों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सत्य, साहस और जनसेवा की सर्वोच्च मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को श्री देव सुमन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
गंगोत्री विधायक सुरेश चैहान ने कहा कि श्री देव सुमन ने अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध जिस साहस के साथ संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक चेतना और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं।
मंच के अध्यक्ष नागेन्द्र थपलियाल श्री देव सुमन के जीवन संघर्षों, उनके त्याग एवं उत्तराखंड राज्य के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को विस्तार से याद करते हुए कहा कि मंच का उद्देश्य उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज की प्रतिभाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।
समारोह के दौरान सरस्वती विद्या मंदिर, ऋषिराम शिक्षण संस्थान सहित अन्य स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की। कार्यक्रम में एमडीएस स्कूल की तीन छात्राओं पहल जोशी, प्रगति बिष्ट, अनन्या पंवार ने श्री देव सुमन पर अपने विचार रखे। छात्राओं के संबोधन की कार्यक्रम मे उपस्थित लोगों ने सराहना की।
मंच का संचालन प्रताप सिंह बिष्ट द्वारा किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, बीईओ हर्षा रावत, सीएओ एसएस वर्मा, अजय पूरी, विजयपाल मखलोगा, रविन्द्र नौटियाल, प्रताप मटूडा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
