Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा


  • एसपी सुकीर्ति माधव और डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
  • सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, खाद्य गुणवत्ता व सोशल मीडिया निगरानी पर विशेष जोर

पीलीभीत। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को गांधी सभागार में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव एवं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन योजना प्रभावी ढंग से लागू करने, पार्किंग स्थलों का निर्धारण करने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने, ओवरलोड वाहनों, गलत दिशा में वाहन संचालन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर संचालित भोजनालयों, ढाबों एवं खाद्य सामग्री विक्रेताओं की नियमित जांच की जाए तथा मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य एवं पेय पदार्थ बेचने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सकीय टीमों, आवश्यक दवाइयों एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।वन विभाग को वन क्षेत्रों से गुजरने वाले यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा खुले एवं जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में सोशल मीडिया की सतत निगरानी रखने, अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय रूप से कार्य करें।बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक  सुकीर्ति माधव एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |