आगरा में सास के भड़काने पर शख्स ने अपनी मां को सब्जी में मिलाकर दिया जहर
July 14, 2026
यूपी के आगरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी ही मां को जहर दे दिया। घटना के बाद मां को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, युवक ने अपनी मां को सब्जी में मिलाकर जहर दिया। घटना आगरा के पिढौरा थाना क्षेत्र के बरपुरा गांव की है। आरोपी की पहचान रविंद्र के रूप में हुई है, वहीं पीड़िता मां का नाम राम मूर्ति है। पुलिस ने बताया है कि पीड़िता का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी रविंद्र का अपने भाई मुकेश को लेकर जमीन का विवाद था, इस वजह से रविंद्र की पत्नी घर छोड़कर अपने मायके चली गई थी। ऐसे में जब रविंद्र अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया तो उसकी सास फूलवती ने ये शर्त रखी कि वह अपनी बेटी को ससुराल तभी भेजेगी, जब रविंद्र अपनी मां को रास्ते से हटा दे।
इसके बाद रविंद्र अपने घर लौटा और उसने अपनी मां की सब्जी में जहर मिला दिया। इस घटना के बाद मां की हालत बिगड़ गई और उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है।
इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) राजीव रंजन का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "मां को जहर देने के आरोप में आरोपी बेटे को अरेस्ट किया गया है। सास फरार चल रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
आगरा से ही अप्रैल 2026 में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां एक जन्मदिन की पार्टी में शराब में जहर देकर दामाद की हत्या की गई थी। मौत के 4 महीने बाद फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि हुई थी। दामाद की हत्या के आरोप में ससुर को गिरफ्तार किया गया था। इस घटना में मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार किया गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद पति और पत्नी के बीच विवाद होने लगे थे, जिसके बाद जन्मदिन के मौके पर जब युवक ससुराल गया तो वहां उसे शराब में जहर दे दिया गया था। इससे दामाद की मौत हो गई थी।
