चांदपुर ।द हेजलमून स्कूल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए करियर गाइडेंस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसका संचालन एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर अनुज गौतम ने किया। इस वर्कशॉप की रिसोर्स पर्सन प्रसिद्ध शिक्षाविद्, प्रशिक्षक, ईएलटी विशेषज्ञ एवं स्टोरी टेलर नीरजा चैथली रहीं। प्रधानाचार्या गरिमा सिंह द्वारा उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
नीरजा चैथली ने विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में सफलता पाने के लिए सही लक्ष्य तय करना, अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार ही अपने विषय और करियर का चयन करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा 10 और 12 के बाद उपलब्ध विभिन्न स्ट्रीमों (विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी) तथा उनसे जुड़े अनेक करियर विकल्पों की सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर स्ट्रीम में आगे बढ़ने और सफल करियर बनाने के अच्छे अवसर हैं। चैथली ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के बढ़ते महत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, ग्राफिक डिजाइनिंग और डिजिटल मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार की बहुत अच्छी संभावनाएँ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी आवश्यकता और रुचि के अनुसार इन क्षेत्रों से जुड़े कोर्स करने की सलाह दी।
वर्कशॉप में विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक और कौशल आधारित कोर्स, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण वेबसाइटों और संसाधनों के बारे में भी बताया तथा अन्य उपयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से करियर संबंधी जानकारी प्राप्त करने के तरीके भी बताए। साथ ही उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उन्हें आयोजित करने वाली संस्थाओं तथा उनकी तैयारी के बारे में भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा कौशल, प्रभावी संवाद, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, पढ़ने की आदत और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अच्छे व्यवहार, संचार कौशल और नई तकनीक की जानकारी भी सफलता के लिए आवश्यक है।
वर्कशॉप में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने करियर से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका सुश्री नीरजा चैथली ने सरल और उपयोगी तरीके से उत्तर दिया।
विद्यालय की निर्देशिका शक्ति भारद्वाज मित्तल ने रिसोर्स पर्सन नीरजा चैथली का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों को अपने भविष्य की सही दिशा चुनने में बहुत मदद करती हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या गरिमा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने से नहीं मिलती, बल्कि सही सोच, आत्मविश्वास, मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की इच्छा से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया।
वर्कशॉप के माध्यम से विद्यार्थियों को सही विषय और स्ट्रीम का चयन करने, करियर की योजना बनाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक की जानकारी प्राप्त करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता तथा भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा मिली।
यह वर्कशॉप विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध हुई।
