Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में प्रशांत किशोर के खिलाफ लगे पोस्टर


बिहार की राजधानी पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर लगाए गए एक पोस्टर ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। शहर में लगाए गए इस पोस्टर में प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए लिखा गया है, 'केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है।' इसके साथ ही पोस्टर में यह भी लिखा गया है, 'इनको वोट नहीं, नोट चाहिए।' पोस्टर के नीचे 'सौजन्यः बांकीपुर की जनता' लिखा गया है। पोस्टर में प्रशांत किशोर को टोपी और गमछा पहने हुए दिखाया गया है।

बता दें कि यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। इस चुनाव में प्रशांत किशोर जन सुराज पार्टी की ओर से बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को चुनौती दे रहे हैं। इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज हो रही हैं। पोस्टर विवाद के बीच जन सुराज पार्टी को एक और बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

बीजेपी में शामिल होने वालों में दीघा से पूर्व उम्मीदवार बिट्टू सिंह, मेयर पद की उम्मीदवार विनीता बिट्टू, कुम्हरार से उम्मीदवार केसी सिन्हा और मनेर से उम्मीदवार गोपाल सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने भी बीजेपी का दामन थामा। बीजेपी में शामिल होने के बाद बिट्टू सिंह ने कहा, 'मैं अब बीजेपी नहीं छोड़ूंगा। मैं यहीं रहूंगा और यहीं मरूंगा।'

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज के कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली है। वहीं, बिहार बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का बीजेपी में शामिल होना समृद्ध बिहार और विकसित भारत के लिए एनडीए सरकार के संकल्प पर जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के 4 बार विधायक रहे नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इसी कारण इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव कराया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |