उत्तरकाशी। अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस (25 जुलाई) को जनपद में अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ मनाने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सुमन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि टिहरी जनक्रांति के नायक श्रीदेव सुमन का सर्वोच्च बलिदान उत्तराखंड के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस दिवस को मात्र एक औपचारिकता न मानकर एक प्रेरणादायी अभियान के रूप में मनाया जाए, ताकि आज की युवा पीढ़ी उनके आदर्शों, अटूट साहस और देशप्रेम के संघर्ष से वास्तविक सीख ले सके।
बैठक में सुमन दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा प्रस्तावित कार्यक्रमों में श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने तथा उनके जीवन, संघर्ष और सिद्धांतों पर केंद्रित विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जनपद के विद्यालयों में सुमन दिवस के उपलक्ष्य पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करने व श्रेष्ठता सूची में स्थान बनाने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित करने तथा इस दिन देशभक्ति और लोक संस्कृति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ करें तथा इस दिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने में योगदान करें।
बैठक में एडीएम मुक्ता मिश्र, जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली, सीएचओ रजनीश सैनी, डीएसओ आशीष कुमार , सुमन समिति से नागेंद्र दत्त थपलियाल, प्रताप बिष्ट , प्रताप पंवार सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे तथा अनेक अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
