प्रतापगढ़/बाबागंज । घर से अचानक गायब हुआ युवक बड़े ही नाटकीय तरीके से अपने मौसा के घर पहुँच गया। जहां से उसके मौसा युवक को लेकर पुलिस के पास आ गए। पुलिस ने युवक से पूछताछ करने के बाद उसको उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के अहलादगंज मजरे रायगढ़ गांव का रहने वाला गुलफाम हुसैन (20 वर्ष) सुत अफसर बीते बुधवार को घर से कहकर निकला कि उसका पार्सल आया है और वह उसी पार्सल को लेने के लिए कुंडा जेठवारा मार्ग गंगा एक्सप्रेसवे पर बने पुल के पास जा रहा है। घर से निकलने के बाद जब वह काफी देर घर नही पहुंचा तो उसके परिजन परेशान हो गए। गुरुवार को गुलफाम के भाई इरशाद ने पुलिस को उसके गुमशुदा होने की तहरीर दी तो उसके दूसरे भाई सुल्तान ने एसपी को अपहरण की तहरीर दे दी। सुल्तान का कहना था कि उसके भाई को छोड़ने के एवज में अपहरणकर्ता उसके ही भाई के व्हाट्सएप नम्बर से मैसेज करके सात लाख की फिरौती मांग रहें हैं। अपहरण और फिरौती की तहरीर पड़ने के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। इसी बीच नाटकीय रूप से गायब हुआ युवक गुलफाम अपने मौसा के घर प्रतापगढ पहुँच गया। जहां से उसका मौसा उसे लेकर महेशगंज थाने आ गया। काफी देर तक पुलिस ने उससे पूछताछ करके युवक को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में एसओ संदीप कुमार तिवारी का कहना है कि युवक किसी बात से नाराज होकर चला गया था और अपने ही मोबाइल नम्बर से अपने मौसा को अपने अपरहण की सूचना देकर फिरौती की मांग कर रहा था।
