बगहा में किंग कोबरा रेस्क्यू के दौरान महिला को सांप ने डसा! चल रहा इलाज
July 16, 2026
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बगहा के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र से सटे बिसही गांव में किंग कोबरा को रेस्क्यू करने के दौरान फेमस स्नेक रेस्क्यूअर जानकी देवी को उसी सांप ने डंस लिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल नेपाल के त्रिवेणी स्थित मिलिट्री कैंप में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बिसही गांव निवासी मुनि लाल के घर में एक किंग कोबरा घुस आया था। सूचना मिलने पर जानकी देवी मौके पर पहुंचीं और सफलतापूर्वक सांप का रेस्क्यू कर लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेस्क्यू के बाद वह किंग कोबरा को गले में लपेटकर फोटो खिंचवा रही थीं, तभी सांप ने उनके हाथ में काट लिया। घटना के समय तक वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच चुकी थी। वनकर्मियों ने तुरंत किंग कोबरा को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित घने जंगल में छोड़ दिया। वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान जहरीले सांप अक्सर ठंडी या सुरक्षित जगह की तलाश में वीटीआर से सटे गांवों और रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में स्वयं सांप पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से उनका रेस्क्यू करती है।
किंग कोबरा दुनिया के सबसे विषैले सांपों में से एक है। इसका न्यूरोटॉक्सिक विष बेहद घातक होता है, इसलिए इसके दंश की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय उपचार आवश्यक होता है। वाल्मिकीनगर की रहने वाली जानकी देवी, जिन्हें 'स्नेक लेडी' के नाम से जाना जाता है, अब तक हजारों जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुकी हैं। उन्होंने 12 वर्ष की उम्र से यह काम शुरू किया था। बताया जाता है कि इससे पहले भी उन्हें रेस्क्यू के दौरान 50 से अधिक बार सांप काट चुके हैं। इस बार भी उनकी स्थिति नियंत्रण में है और उपचार जारी है।
