Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

दिल्ली में केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी का हल्लाबोल, पंजाब पेपर लीक पर बड़ा प्रदर्शन


पंजाब में कथित पेपर लीक केस को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी मुद्दे पर गुरुवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन शुरू किया है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में AAP कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बीजेपी का आरोप है कि पंजाब में हाल के दिनों में कई भर्तियों और एग्जाम के पेपर लीक हुए हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। पार्टी का कहना है कि इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

इस मुद्दे को लेकर बीजेपी लगातार आम आदमी पार्टी सरकार पर हमलावर है। इससे पहले 28 जुलाई को बीजेपी सांसदों ने संसद परिसर में भी प्रदर्शन किया था। उस प्रदर्शन का नेतृत्व राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने किया था। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने 'पंजाब पेपर लीक पर जवाब दो' के नारे लगाए और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की। उधर, शिरोमणि अकाली दल ने भी इस मामले में आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा है। अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पंजाब में AAP सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए 11 कथित परीक्षा घोटालों की CBI जांच कराने की मांग की है।

हरसिमरत कौर बादल ने X पर लिखा कि उन्होंने पूरे पंजाब की ओर से गृह मंत्री अमित शाह से AAP सरकार के दौरान हुए सभी 11 परीक्षा घोटालों की CBI जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब जवाबदेही चाहता है और इससे कम कुछ भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस बीच, पंजाब कांग्रेस भी इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आक्रामक है। सोमवार को कांग्रेस सांसदों ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य में कथित पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं और बरनाला में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस कार्रवाई भी हुई, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |