मुरादाबाद। जनपद के थाना छजलैट क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पारिवारिक उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने महिला थाना से संबंधित मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि वह खुशहालपुर, थाना छजलैट क्षेत्र की निवासी है। महिला के अनुसार करीब 15 वर्ष पूर्व उसका निकाह आरिफ के साथ हुआ था। पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में अपने वैवाहिक और पारिवारिक जीवन से जुड़ी परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि निकाह के बाद से ही उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाता रहा। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति द्वारा उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता था और उसे वैवाहिक जीवन में सम्मान नहीं दिया गया। महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पूर्व परिवार में एक निकाह होने के बाद विवाद और अधिक बढ़ गया। इसके बाद उसे और उसकी पूर्व संतान को घर से बाहर निकालने की धमकियां दी जाने लगीं। महिला का आरोप है कि परिवार के सदस्यों द्वारा उसके तथा उसके बेटों के साथ आए दिन झगड़ा किया जाता है और जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। पीड़िता ने दावा किया कि उसने इस संबंध में पूर्व में कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने आरोप लगाया कि आरिफ कथित रूप से राजनीतिक प्रभाव रखने वाला व्यक्ति है और इसी प्रभाव के चलते उसके प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई नहीं होने दी जाती।
पीड़िता ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 11 जुलाई 2026 को दोपहर करीब एक बजे उसे कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई। महिला का कहना है कि शोर सुनकर उसका बेटा कमर आलम मौके पर पहुंचा और अपनी मां को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उसके बेटे के साथ भी डंडे से मारपीट की गई।
महिला के अनुसार घटना के बाद उसने पुलिस हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शिकायती पत्र दिए जाने तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग उसके और उसके बेटे के लिए खतरा बने हुए हैं, जिससे वह भय के माहौल में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है।पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
