Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लाचारी का भद्दा मजाक! यूट्यूबर ने दृष्टिहीन बुजुर्ग को धोखे से चिकन खिलाकर बनाया वीडियो



मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक पाने की अंधी दौड़ के बीच मानवीय संवेदनाओं के खत्म होने पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां एक स्थानीय यूट्यूबर पर आरोप लगा है कि उसने एक दृष्टिहीन और मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग की बेबसी का न केवल फायदा उठाया, बल्कि अनुचित व्यवहार करते हुए उनका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर भी अपलोड कर दिया। यह घटना वायरल होते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। इतना ही नहीं ये मामला पुलिस थाने भी पहुंच गया है।

पूरा घटनाक्रम चंदला के भवानीपुर गांव का है। पीड़ित बुजुर्ग की पहचान तुलसीदास द्विवेदी के रूप में हुई है, जो आंखों से देख नहीं सकते और मानसिक रूप से भी अस्वस्थ हैं। आरोप है कि स्थानीय यूट्यूबर भगवानदास अहिरवार ने बुजुर्ग की स्थिति का फायदा उठाया और उन्हें चिकन खिलाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों में रोष फैल गया। लोगों ने तुरंत चंदला थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उक्त वीडियो को सोशल मीडिया से जल्द से जल्द हटाने की मांग की। शिकायतकर्ता मुकेश द्विवेदी का कहना है कि यह कृत्य बेहद निंदनीय है और जानबूझकर किसी की लाचारी का मजाक उड़ाया गया है।

मामले के तूल पकड़ने पर आरोपी यूट्यूबर भगवानदास अहिरवार ने अपनी सफाई पेश की है। उसका कहना है कि बुजुर्ग दो दिनों से भूखे थे। उसने जो खाना बनाया था, बुजुर्ग ने अपनी मर्जी से वही मांगा था। भगवानदास का दावा है कि उसकी मंशा किसी की धार्मिक या व्यक्तिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। वहीं इस पूरे मामले पर छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि दोनों पक्षों को बात के लिए थाने बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लिखित आवेदन मिलते ही नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |