सुल्तानपुरः दोस्तपुर सीएचसी में हल्की बारिश के बाद जलभराव, मरीजों को गंदे पानी से होकर करना पड़ रहा है अस्पताल में प्रवेश
July 15, 2026
सुल्तानपुर। बुधवार सुबह हल्की बारिश के बाद दोस्तपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य प्रवेश द्वार पर पानी भर गया। जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ा, जिससे कई घंटों तक नाराजगी व्याप्त रही।यह सीएचसी कादीपुर विधायक राजेश गौतम द्वारा गोद लिया गया है। मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल जैसी जरूरी जगह पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में यही समस्या खड़ी हो जाती है। एक मरीज रिंकल जुबेर ने बताया, “बरसात के मौसम में अस्पताल परिसर के बाहर जलभराव एक आम समस्या बन गई है। इस समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है, जिससे मरीजों के साथ-साथ एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।”सीएचसी के स्वास्थ्य प्रभारी अधीक्षक डॉ. अजीत यादव ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत द्वारा पानी निकासी के लिए एक बोरिंग कराई गई थी, लेकिन वह प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही है। डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश सोनकर को इस समस्या से अवगत करा दिया है और जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि अस्पताल परिसर में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बारिश के मौसम में इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
