प्रतापगढः समाधान दिवस में महज सात शिकायतों का निस्तारण, एसडीएम ने सुनीं शिकायतें
July 06, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक सौ इक्यावन शिकायतों में अफसरों ने सात शिकायतों का निस्तारण कराया। एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायत राजस्व की सौ, पुलिस सत्ताईस, विकास ग्यारह, विद्युत विभाग चार, बेसिक शिक्षा एक, आपूर्ति चार व अन्य विभागो की चार रहीं। समाधान दिवस मे ज्यादातर मामले में जमीनी विवाद से जुड़े दिखे। एसडीएम ने जमीन सम्बन्धी विवादों में दोबारा कई शिकायतों को देख सम्बन्धित राजस्व निरीक्षको व लेखपालो को तलब कर कडी फटकार लगायी। कुम्भीआइमा के ज्ञानप्रकाश ने दी गई शिकायत में कहा है कि विपक्षी उसके खेत में जबरन बेरन उखाड़ रहे हैं। इस पर एसडीएम ने राजस्व एवं पुलिस टीम का गठन कर निस्तारण के लिए भेजवाया। मनीपुर दीवानी वार्ड निवासी ज्ञानू तिवारी ने दी गई शिकायत में कहा है कि आंधी के बाद उनके गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए पेड़ में तार बांधे गये हैं। इस पर एसडीएम ने एसडीओ विद्युत आशुतोष कुमार को फौरन जांच कराए जाने को कहा। पुलिस से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई करते हुए सीओ राजीव द्विवेदी ने थानाध्यक्षों को समाधान के स्वयं पर्यवेक्षण के निर्देश दिये। इस मौके पर प्रभारी तहसीलदार पंकज कुमार, नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार मिश्र, अधीक्षक डा0 अरविंद गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक अमित शुक्ला, बीडीओ मानवेन्द्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
.jpg)