प्रतापगढ़। शिरडी वाले साईं बाबा आए हैं तेरे दर पे सवाली...। जय जय साईं नाथ बली, तेरे आगे भला किसकी चली...। रचा है सृष्टि को जिस प्रभु ने वही ये सृष्टि चल रहा है...। इस तरह के भजनों का रस साईं दरबार में बरसा। खूब तालियां बजीं। श्री साईं नारायण संस्थान द्वारा हर साल गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तीन दिवसीय साई नाथ महोत्सव होता है। इसकी दूसरी शाम बुधवार को रात साईं जागरण व झांकियों के मंचन के नाम रही। भजन गायक रविशंकर मिश्रा सहित कई कलाकारों ने अपने भजन की प्रस्तुति दी। मां काली का रौद्र रूप, शिव तांडव का मंचन देख लोग भाव विभोर व रोमांचित हो गए। राधा कृष्ण के प्यार मनुहार की झांकी हर किसी को भक्ति रस में डुबो गई। जब भगवान शिव ने गौरा जी से भांग पीसकर देने का अनुरोध किया तो यह दृश्य लोग आनंदपूर्वक देखते रहे। सुहाने मौसम में तालियां भी बजती रहीं।
सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, प्रभात एकेडमी के संस्थापक डॉ. प्रभात शर्मा, पं. राम राज तिवारी सहित कई अतिथियों ने भी कलाकारों का उत्साह वर्धन किया। साई नारायण संस्थान के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ ने कहा कि गुरु के प्रति भक्ति हमें आत्मबल प्रदान करती है। यह कार्यक्रम जनपद की पहचान बन गया है। इसमें समाज व पुलिस प्रशासन भी सहयोग करता है। बाबा के सजे हुए दरबार में देर रात तक कलाकारों ने मंचन किया।
इस अवसर पर समाजसेवी रोशन लाल उमरवैश्य, विनोद सिंह, राकेश साधवानी, संतोष त्रिपाठी निश्शुल्क, संजय खंडेलवाल, हरिप्रसाद खंडेलवाल, धर्मेंद्र देव शुक्ला, देवव्रत मिश्रा, ऋषभ सिंह, रिंकू सरदार, देवेश सिंह, शिवेंद्र नाथ, उत्कर्ष मिश्रा समेत साईं भक्तों ने कलाकारों को प्रोत्साहित किया। देर रात तक भजन और झांकी का कार्यक्रम चला रहा, इसके बाद लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम में जयकारों की गूंज होती रही।
