सुल्तानपुर। जिले में बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुल्तानपुर पुलिस ने विशेष बैंक चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने किया।अभियान के दौरान सुल्तानपुर पुलिस की टीमों ने शहर व जिले के विभिन्न बैंकों, एटीएम केंद्रों तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। टीमों ने बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की विस्तृत जांच की और उनकी कार्यप्रणाली को परखा।पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की भी गहन तलाशी ली। बैंकों के आसपास खड़े संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई तथा उनके मालिकोंध्चालकों से पूछताछ की गई। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों (प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सुरक्षा कर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जाए और तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए। उन्होंने बैंकों के प्रबंधकों से भी अपील की कि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा चालू रखा जाए और स्टाफ को नियमित ट्रेनिंग दी जाए।यह अभियान जिले में बढ़ते साइबर अपराधों, लूट की घटनाओं तथा संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है। सुल्तानपुर पुलिस का प्रयास है कि आम नागरिकों के बैंकिंग कार्य सुगम व सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकें। उत्तर प्रदेश पुलिस के तहत चलाए गए इस अभियान को स्थानीय स्तर पर सराहा जा रहा है। पुलिस ने आगे भी ऐसे नियमित चेकिंग अभियानों को जारी रखने की बात कही है।
सुल्तानपुर पुलिस का संदेश-आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता के मंत्र के साथ सुल्तानपुर पुलिस बैंकिंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
