सुल्तानपुर।नगर कोतवाली क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी कैंपस से विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी कैंपस के अंदर स्थित सरकारी आवास ’ज्-3 (6)’ के ठीक बगल में लगा विशाल नीम का पेड़ पूरी तरह से जर्जर और अंदर से खोखला हो चुका है। पेड़ केवल बाहरी छाल के सहारे खड़ा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि तेज हवा या मामूली आंधी-तूफान में भी पेड़ के गिरने का खतरा बना रहता है। पेड़ के नीचे से रोजाना बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गुजरते हैं। पेड़ गिरने से सरकारी आवास को भारी नुकसान के साथ-साथ जान-माल की बड़ी हानि हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि जिस कैंपस में यह खतरनाक पेड़ खड़ा है, उसी कैंपस में पीडब्ल्यूडी के जिम्मेदार अधिकारी बैठते हैं।
कैंपस के निवासियों ने जिलाधिकारी सुल्तानपुर और वन विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना इस खोखले नीम के पेड़ का निरीक्षण कर उसे तत्काल कटवाया या सुरक्षित रूप से छंटवाया जाए, ताकि लोग राहत की सांस ले सकें।
