सरकारी विद्यालय में वारदात को दिया अंजाम, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्जय गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी
पीलीभीत/पूरनपुर। घुंघचाई थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोप है कि गांव निवासी गुलफाम नामक युवक ने बच्ची को चॉकलेट और खाने-पीने की वस्तु दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया और गांव के बाहर स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर मासूम रोती-बिलखती हालत में घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब छह बजे बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को गांव के बाहर स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घर पहुंचने पर बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मासूम की हालत देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर घुंघचाई थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना से गांव में आक्रोश का माहौल है और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।
घुंघचाई थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी गुलफाम के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
.jpg)