हाई प्रोटीन राजमा टैकोस की रेसिपी, एक बार जरूर बनाकर खाएं
July 06, 2026
नाश्ते में प्रोटीन रिच फूड शामिल करने से काफी देर तक भूख नहीं लगती है। इससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। वजन घटाने के लिए भी प्रोटीन अच्छा विकल्प है। प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए आप नाश्ते में राजमा टैकोस बनाकर खा सकते हैं। राजमा टैकोस बनाना बेहद आसान है और इसका स्मोकी फ्लेवर खाने के स्वाद को भी बढ़ाता है। जानिए कैसे बनाते हैं राजमा टैकोस?
राजमा टैकोस रेसिपी
पहला स्टेप- इसके लिए आपको 1 बड़ा कप उबले हुए राजमा लेने हैं। ध्यान रखें राजमा अच्छी तरह से गले हुए होने चाहिए। अब इसमें आधा पनीर मैश करके मिला दें। इसमें कश्मीरी लाल मिर्च, पिसा धनिया पाउड, चाट मसाला, जीरा पाउडर डालें। अब लहसुन, कुटी लाल मिर्च, हरी मिर्च, नमक और बारीक कटा ताजा हरा धनिया मिला दें।
दूसरा स्टेप- सारी चीजों को मिलाते हुए एक डो जैसा तैयार कर लें और अच्छी तरह से मैश कर लें। अब तैयार राजमा से गोल-गोल रोटी की लोई जैसे गोल रोल बना लें। पैन में 2 चम्मच तेल डालें और इसमें 10-15 कली लहसुन की डालकर भून लें। अब मिक्सर जार में पनीर के क्यूब्स यानि करीब 100 ग्राम पनीर डालें। इसमें ग्रीक योगर्ट, भुना लहसुन, काली मिर्च और पिज्जा सीजनिंग डालें। ऊपर से आधा नींबू निचोड़ दें। थोड़ा नमक, हरा धनिया और थोड़ा सा पानी डालकर बारीक पीसकर पेस्ट जैसा बना लें। एकदम क्रीमी चीजी डिप बनकर तैयार है।
तीसरा स्टेप- अब एक बाउल में आइस क्यूब्स डालें। इसमें लच्चेदार गोल कटी प्याज डालें। पानी डालकर प्याज को 5 मिनट के लिए भिगोकर रखें। अब प्याज को निकाल लें और इसमें कश्मीरी लाल मिर्च, चाट मसाला और काला नमक डालें। अब 1-2 चम्मच सरसों का तेल डालें और बारीक कटी हरी मिर्च साथ ही नींबू का रस डालकर मिला दें। इसमें थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया भी डाल दें।
चौथा स्टेप- अब राजमा टैकोस के लिए पहले से ही रोटियां बनाकर सेंककर रख लें। एक तवा गर्म करें और उसे घी से ग्रीस कर दें। राजमा की तैयार की गई बॉल रखें और उपर से रोटी को साधी साइड से रखें। पोटैटो मैशर की मदद से इसे अच्छी तरह से दबा दें और सेंक लें। अब इसे सेट करके के लिए तैयार की गई राजमा लगी रोटी को रखें। इसके ऊपर जो पनीर डिप बनाई वो लगाएं। बीच में प्याज लगाएं और इसे फोल्ड कर दें।
इसे आप नाश्ता, लंच या डिनर में कभी भी खा सकते हैं। ये हाई प्रोटीन और हेल्दी फूड है जो सेहत को गजब के फायदे पहुंचाता है। इसका स्वाद लाजवाब लगता है और वजन घटाने वाले भी इसे पेट भरकर खा सकते हैं।
