टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने वनडे फॉर्मेट में जब से इस जिम्मेदारी को संभाला है उसके बाद से उनका बल्ले से शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है। शुभमन गिल यदि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने में कामयाब होते हैं तो इंग्लैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में लगातार सबसे ज्यादा पारियों में फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। गिल अभी राहुल द्रविड़, विराट कोहली, एमएस धोनी और सुरेश रैना के साथ बराबरी पर हैं जिसमें सभी ने लगातार चार वनडे मैचों में इंग्लैंड के खिलाफ फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेली है। गिल का इंग्लैंड के खिलाफ पिछली चार वनडे पारियों में स्कोर देखा जाए तो वह 87, 60, 112 और नाबाद 80 रनों की पारी है। शुभमन गिल ने अभी तक इंग्लैंड के खिलाफ 5 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 87 के औसत से कुल 348 रनों की पारी देखने को मिली। इस दौरान गिल ने एक शतकीय और तीन अर्धशतकीय पारियां खेली हैं।
इंग्लैंड में अब तक वनडे सीरीज को जीतने में सिर्फ तीन भारतीय कप्तान ही सफल हो सके हैं, जिसमें मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में टीम ने 2-0 से वनडे सीरीज को अपने नाम किया था। इसके बाद साल 2014 में धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 3-1 से वनडे सीरीज जीती थी। वहीं साल 2022 में भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी। ऐसे में यदि टीम इंडिया कार्डिफ में खेले जाने वाले दूसरे वनडे मैच को जीत जाती है तो गिल सिर्फ चौथे ऐसे भारतीय कप्तान बनेंगे जो इंग्लैंड में वनडे सीरीज जीतने में कामयाब हुए।
