दिल्ली में मकान बेचने के विवाद पर व्यक्ति की हथौड़े से पीटकर की हत्या! दो गिरफ्तार
July 15, 2026
दिल्ली पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को द्वारका सेक्टर-18ए में कारगिल चौक के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव सड़क और नाले के बीच घास में पड़ा था, जो काफी हद तक सड़ चुका था। बॉडी के सिर पर चोट के गहरे निशान थे। साथ ही मृतक के शरीर पर कुछ टैटू बने हुए थे, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी क्योंकि जरूरी दस्तावेज नहीं मिले थे। मिले शव के आधार पर पुलिस ने द्वारका नॉर्थ थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
चूंकि पुलिस के पास इस मामले से जुड़े कोई भी दस्तावेज मौजूद नहीं थे इसलिए घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे लगभग 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त सुभाष मलिक के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ और द्वारका नॉर्थ पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान 38 साल के अखिलेश मंडल के रूप में हुई, जो नजफगढ़ का रहने वाला था। CCTV फुटेज के बारीकी से विश्लेषण और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार इस मामले में दो आरोपियों को दबोच लिया। इनमे से एक आरोपी की पहचान 66 साल के अनिल ठाकुर के रूप में हुई, जो नजफगढ़ का निवासी है। दूसरे आरोपी की पहचान 28 वर्ष के राजू कुमार के रूप में हुई, जो बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी अनिल ठाकुर ने बताया कि अखिलेश मंडल उसके घर पर रह रहा था। हालांकि अखिलेश को शराब की लत थी, जिसके कारण दोनों के बीच झगड़े होते रहते हैं। विवाद तब और भी ज्यादा बढ़ गया था जब अनिल ठाकुर ने अपना मकान बेचने का फैसला किया। जिस पर अखिलेश ने उसका जमकर विरोध किया। इसी विरोध से तंग आकर अनिल ठाकुर ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
10 जुलाई को अनिल ठाकुर ने धोखे से अखिलेश को द्वारका सेक्टर-13 में बुलाया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे किसी सुनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने अखिलेश पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी नजफगढ़ के धर्मपुरा भाग गए। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अनिल ठाकुर मृतक अखिलेश के परिवार को पहले से ही जानता था। यही कारण है कि हत्या करने के बाद भी वह परिवार के साथ संपर्क में रहा और उन्हें लगातार गुमराह करता रहा। फिलहाल पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किये गए हथौड़े, घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़ों और उनके मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
