Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अचानक विधानसभा पहुंचकर एकनाथ शिंदे से क्यों मिले शरद पवार? राज्य में शुरू हुई नई अटकलें


महाराष्ट्र की राजनीति बीते लंबे समय से किसी न किसी वजह से चर्चा के केंद्र में बनी रहती है। वर्तमान में राज्य में शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) को लेकर भी अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। क्या महाराष्ट्र में NCP शरद गुट और अजित गुट का विलय होने वाला है? क्या एक बार फिर से पवार फैमिली एक होने वाली है? क्या शरद पवार की पार्टी MVA को छोड़कर NDA में शामिल होने जा रही है? ये सवाल महाराष्ट्र की सियासत में हर कोई पूछ रहा है। इन सब चर्चाओं के बीच बुधवार को NCP (SP) के प्रमुख शरद पवार ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है।

बुधवार को पवार फैमिली के प्रमुख शरद पवार ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। ये मुलाकात विधानसभा परिसर में हुई। जानकारी के मुताबिक, शरद पवार, एकनाथ शिंदे के केबिन में गए। वह अपनी पार्टी के विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे से मीटिंग करते दिखे जिसके बाद से ही कयासों का बाजार गर्म हो गया। आपको बता दें कि इससे पहले अटकलें शुरू हुई थीं कि शरद पवार की पार्टी का कांग्रेस में विलय होने वाला है। हालांकि, शरद पवार ने ऐसी किसी भी संभावना को खारिज कर दिया था।

सामने आई जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र विधानभवन में शरद पवार महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर गठित हाई लेवल कमेटी की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। समिति की बैठक खत्म होने के बाद वो उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यालय पहुंचे। यहीं एनसीपी (शरद चंद्र पवार) के विधायक भी उनसे मिलने पहुंचे और बैठक हुई। इस दौरान एकनाथ शिंदे ने शॉल और गुलदस्ता देकर शरद पवार का स्वागत किया।

दूसरी ओर महाराष्ट्र विधानसभा में मिसिंग लिंक पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नाराज हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर उलूल जुलूल लिखने वालों को चेतावनी तक दे डाली। देवेंद्र फडणवीस ने साफ तौर पर कहा कि जिन लोगों को कोई नहीं पूछता है, वो मुख्यमंत्री को गाली दे रहे हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने गलत तरीके से महाराष्ट्र का अपमान किया तो छोड़ूंगा नहीं। बता दें कि शिवसेना UBT मिसिंग लिंक को लेकर देवेंद्र फडणवीस सरकार पर करप्शन का आरोप लगा रही है और कह रही है कि पुणे मुंबई कनेक्टिंग लिंक के निर्माण में घोटाला हुआ है जिसकी वजह से सड़क बह गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |