नवविवाहिता को मौत के बाद नहीं मिली अर्थी, शव को बाइक पर लेकर गया भाई
July 14, 2026
बिहार के सीतामढ़ी जिले के सुप्पी थाना क्षेत्र में 22 साल की नवविवाहिता मधु कुमारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दहेज प्रताड़ना के बाद हत्या की गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस बीच मृतका के शव को मोटर साइकिल पर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बाद में मृतका का अंतिम संस्कार पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया।
जानकारी के अनुसार, मधु कुमारी की शादी दिसंबर 2025 में सुप्पी थाना क्षेत्र के घरबारा गांव निवासी चंदन कुमार झा से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका के भाई गोपाल झा ने आरोप लगाया कि पति के दिल्ली चले जाने के बाद उसका भाई चंचल मधु के साथ मारपीट करता था। विरोध करने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
दुखद बात ये है कि इस घटना के बाद मृतका का शव उसके भाई को मोटरसाइकिल पर ले जाना पड़ा, जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में भाई गोपाल झा आरोप लगाते नजर आ रहे हैं कि उनकी बहन को मौत के बाद अर्थी तक नसीब नहीं हुई और मजबूरी में शव को बाइक पर ले जाकर अंतिम यात्रा निकालनी पड़ी।
वहीं, सुप्पी थानाध्यक्ष आशीष कुमार ठाकुर ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती विवाद के दौरान शव बाइक पर ले जाने की स्थिति बनी थी, लेकिन बाद में पुलिस की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज हत्या, प्रताड़ना और शोषण के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
