Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर डीएम का जोर, स्वरोजगार आवेदनों की बेवजह अस्वीकृति पर सख्ती


बैंक आवेदकों को कमी दूर करने का दें अवसर, उद्योगों को निर्बाध बिजली, बेहतर सड़क और दो शिफ्ट में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

बलिया। जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों और बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के पात्र आवेदनों को बिना उचित कारण निरस्त न किया जाए। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला उद्योग बंधु समिति की पिछली बैठक (19 जून) की कार्यवाही की पुष्टि के साथ मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं की प्रगति, औद्योगिक सुरक्षा फोरम, औद्योगिक इकाइयों की विधिक व्यवस्था तथा औद्योगिक एवं मिनी औद्योगिक आस्थानों में संचालित इकाइयों की समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी पात्र आवेदक का आवेदन बिना ठोस कारण के निरस्त नहीं किया जाना चाहिए। यदि आवेदन में कोई कमी है तो संबंधित बैंक आवेदक को उसकी स्पष्ट जानकारी देकर उसे निर्धारित समय में दूर कराने का अवसर प्रदान करे। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है, इसलिए अनावश्यक तकनीकी कारणों से आवेदन खारिज करने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मेसर्स आकृति फूड्स के पार्टनर पंकज पांडेय ने ग्राम हरिहरपुर मौजा स्थित अपने पोल्ट्री फीड फार्म तक जाने वाले मनरेगा से निर्मित खड़ंजा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड) को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि उद्योग संचालन और आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न रहे।

मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही में नालियों की सफाई की समस्या सामने आने पर जिलाधिकारी ने विकास खंड हनुमानगंज के अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उत्पादन इकाइयों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना नहीं करना चाहिए और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पूरे जनपद में दो शिफ्टों में सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में ही कार्य करें तथा उनके पास सफाई कार्य के लिए आवश्यक उपकरण और संसाधन उपलब्ध हों।

जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को प्रत्येक वार्ड में बायोमैट्रिक मशीन स्थापित कराने तथा सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |