Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः स्कूलों की बदहाली पर डीएम का श्एक्शन मोडश्, 26 विद्यालयों में बिजली नहीं तो कई बीईओ-बीडीओ का वेतन रुका


कायाकल्प कार्यों में लापरवाही पर सख्ती, बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के पुनर्निर्माण का एक सप्ताह में प्रस्ताव मांगा

बलिया। परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं और कायाकल्प कार्यों में लापरवाही पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के कायाकल्प अभियान के 19 बिंदुओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने विभिन्न विकासखंडों में अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताई और कई खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) तथा खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक तक सभी लंबित कार्य हर हाल में पूरे होने चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले के 26 परिषदीय विद्यालयों में अब तक विद्युत कनेक्शन नहीं कराया गया है। इनमें सर्वाधिक छह विद्यालय सीयर, चार बेरुआरबारी तथा तीन-तीन विद्यालय नगरा, बांसडीह और रसड़ा विकासखंड के हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीईओ का वेतन रोकने का निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

किचन शेड निर्माण की समीक्षा में भी कई विकासखंडों में कार्य अधूरा मिला। सीयर के आठ, हनुमानगंज के छह, दुबहड़ के चार तथा सोहांव के चार विद्यालयों में निर्माण कार्य लंबित पाए जाने पर संबंधित बीडीओ और बीईओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

सीडब्ल्यूएसएन (दिव्यांग अनुकूल सुविधाओं) के निर्माण में भी अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। गड़वार के 38, सीयर के 35, बैरिया के 29, मुरलीछपरा के 27 तथा पंदह के 22 विद्यालयों में कार्य अधूरा मिलने पर संबंधित बीईओ और बीडीओ का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बाउंड्रीवाल निर्माण की धीमी प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। मनियर, गड़वार, सीयर, दुबहड़ और नगरा विकासखंड के विद्यालयों में निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं कक्षों में टाइल्स लगाने के कार्य में नवानगर, सीयर, मनियर, बैरिया और बांसडीह विकासखंड की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बरसात और बाढ़ की परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों में मेडिकल टीम तैनात की जाए, बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, पेयजल की गुणवत्ता की जांच हो, पानी की टंकियों की सफाई कराई जाए तथा पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि महाराजपुर, गोपालपुर टांडी और भोजपुरवा के विद्यालय कटान की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इन विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने तथा नई भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से जनपद के विद्यालयों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कहां विद्यालय हैं, कहां विद्यालय नहीं हैं, कितने भवन जर्जर हैं, कितने ध्वस्त हो चुके हैं, किन भवनों को लोक निर्माण विभाग ने कंडम घोषित किया है तथा किनकी नीलामी हो चुकी है। कंडम घोषित भवनों को तत्काल ध्वस्त कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में किचन शेड नहीं है और खुले में अथवा बाहर भोजन बनाया जा रहा है, वहां की फोटो और वीडियो उपलब्ध कराते हुए शीघ्र निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। जिन विद्यालयों के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं, वहां एक सप्ताह के भीतर उन्हें हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में ड्रेस, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षिक सामग्री की धनराशि भेजी जा चुकी है, वहां प्रधानाध्यापकों से सूची प्राप्त कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बच्चे निर्धारित ड्रेस में विद्यालय आ रहे हैं।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी विद्यालयों के कक्षों पर देश की महान विभूतियों के नाम अंकित करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्य हर हाल में 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए। नामांकन अभियान की समीक्षा में अधिकांश विकासखंडों की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्धारित लक्ष्य शीघ्र पूरा करें, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |