आईसीसी रैंकिंग : ताजा रैंकिंग जारी, श्रेयस अय्यर ने लगाई लंबी छलांग
July 15, 2026
श्रेयस अय्यर ने टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है, हैरी ब्रूक को भी फायदा हुआ है जिन्होंने भारत के खिलाफ आखिरी 2 टी20 में अर्धशतकीय पारी खेली थी. ईशान किशन अभी भी नंबर-1 पर बने हुए हैं, अभिषेक शर्मा की पोजीशन में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है. सूर्यकुमार यादव को 3 पायदान का नुकसान हुआ है, जो अभी टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं. भारत के खिलाफ आखिरी मैच में शतक जड़ने वाले जोस बटलर को 1 पायदान का फायदा हुआ है, जबकि तिलक वर्मा 2 स्थान नीचे लुढ़क गए हैं.
आईसीसी की ताजा रैंकिंग में टॉप-10 टी20 बल्लेबाजों की लिस्ट देखें तो 3 बदलाव हुए हैं. जोस बटलर एक पायदान ऊपर आकर छठे नंबर पर आ गए हैं. हैरी ब्रूक ने 12 पायदान की लंबी छलांग लगाई है, जो अब 7वें नंबर पर आ गए. तिलक वर्मा को 2 पायदान का नुकसान हुआ है, वह छठे से आठवें स्थान पर आ गए. हालांकि तिलक वर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में 53 रनों की अच्छी पारी खेली थी, लेकिन चौथे मैच में वह सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए थे.
इस सीरीज से पहले नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बने ईशान किशन अपने स्थान पर बने हुए हैं, उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में 56 रन बनाए थे. उनके 892 रेटिंग पॉइंट हैं, 858 रेटिंग के साथ अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर बने हुए हैं.
श्रेयस अय्यर ने 62 पायदान की लंबी छलांग लगाई है, वो 580 रेटिंग के साथ अब 31वें स्थान पर आ गए हैं. अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में 35 और चौथे मैच में 28 रन बनाए थे, इससे पहले हुए तीसरे मैच में अय्यर ने नाबाद 80 रनों की अच्छी पारी खेली थी.
बेशक टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा कायम है, लेकिन पिछली 2 सीरीज श्रेयस अय्यर एंड टीम के लिए बहुत ही खराब रही. पहले आयरलैंड से 0-2 से हार मिली, फिर इंग्लैंड ने 4-0 से जीत दर्ज की. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया ने लंबे समय बाद टी20 में नंबर-1 का स्थान गंवाया था. टीम अब दूसरे स्थान पर है, इंग्लैंड नई नंबर-1 टी20 टीम है.
