Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ओडिशा में अपने सरकारी आवास में मृत पाई गईं थाना प्रभारी, फंदे से लटका हुआ मिला शव


ओडिशा के कटक से एक दुखद खबर सामने आई है। चौलियागंज थाना की प्रभारी निरीक्षक ब्यूटी महंती शनिवार सुबह अपने सरकारी आवास में मृत पाई गईं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, ब्यूटी मोहंती की हालही में चौलियागंज थाना के आईआईसी के रूप में नियुक्ति हुई थी। शनिवार सुबह जब वह काफी देर तक अपने सरकारी क्वार्टर का दरवाजा नहीं खोल रही थीं, तब पुलिसकर्मियों को चिंता हुई। उन्हें कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी कॉल का जवाब नहीं दिया।

फोन का जवाब नहीं मिलने के बाद थाना के कर्मचारी उनके सरकारी आवास पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

अंदर पहुंचने पर ब्यूटी महंती का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से घरेलू समस्याओं से परेशान थीं। बताया जा रहा है कि परिवार से जुड़े लगातार विवाद इस घटना की एक संभावित वजह हो सकते हैं।

ब्यूटी महंती इससे पहले स्थानीय महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी थीं। हालही में उन्हें चौलियागंज थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही कटक के डीसीपी और सीपी भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |