लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बिना लाइसेंस के व्यापार करने वालों और टैक्स चोरी करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर निगम के जोन-8 में जोनल अधिकारी के नेतृत्व में एक वृहद ट्रेड लाइसेंस अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने नोटिस की अनदेखी करने वाली एक अंग्रेजी शराब की दुकान को मौके पर ही सील कर दिया।
इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और बिना लाइसेंस दुकान संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया है। अभियान के दौरान मौके पर ही लगभग 2 लाख रुपये का ट्रेड लाइसेंस शुल्क भी वसूला गया।
नगर निगम जोन-8 के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में संचालित सभी शराब की दुकानों को नियमानुसार ट्रेड लाइसेंस बनवाने के लिए पहले ही औपचारिक नोटिस जारी किए जा चुके थे। बार-बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद संबंधित अंग्रेजी शराब की दुकान के संचालक ने लाइसेंस बनवाने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
नियमों की इस खुली अवहेलना पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए जोनल अधिकारी के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
इस बड़ी सीलिंग और वसूली की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए नगर निगम की एक संयुक्त टीम मौके पर मुस्तैद रही। इस कार्रवाई का नेतृत्व मुख्य रूप से कुलदीप अवस्थी (कर अधीक्षक),राजा भैया (राजस्व निरीक्षक),अंदलिब जहरा (राजस्व निरीक्षक) तथा नगर निगम का भारी पुलिस व प्रवर्तन बल का रहा।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ सीलिंग की इस प्रक्रिया को पूरा कराया गया और स्पष्ट संदेश दिया गया कि नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।
नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जोन-8 के अंतर्गत आने वाली सभी प्रकार की शराब दुकानों (देशी, अंग्रेजी, बीयर व मॉडल शॉप) को ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य है। जिन भी दुकानों ने अभी तक अपना लाइसेंस नहीं बनवाया है, उन्हें अंतिम नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
