Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

मुंबईवासियों के लिए खुशखबरी, शहर में पानी सप्लाई करने वाली 7 झीलों में जल भंडार में तेज बढ़ोतरी


महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले सातों जलाशयों में जल भंडार तेजी से बढ़ा है। बुधवार 22 जुलाई सुबह 6 बजे से गुरुवार 23 जुलाई सुबह 6 बजे तक हुई बारिश के बाद सातों झीलों में कुल जल भंडार 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है। आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों में जलाशयों के जलस्तर में 7.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी BMC ने जानकारी दी है कि मुंबई को पेयजल उपलब्ध कराने वाली मोडक सागर झील गुरुवार तड़के करीब 2:07 बजे ओवरफ्लो होने लगी। इस मानसून में ओवरफ्लो होने वाली यह चौथी झील है। इससे पहले विहार, तुलसी और तानसा झीलें भी भरकर ओवरफ्लो हो चुकी हैं। मोडक सागर झील की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 1,28,925 मिलियन लीटर (करीब 12,892.5 करोड़ लीटर) है।

बीएमसी की ओर से गुरुवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश से जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में मुंबई के पेयजल भंडार को लेकर राहत की स्थिति बनती दिख रही है। इससे पहले 20 जुलाई 2026 की सुबह तक मुंबई के सातों जलाशयों में कुल जल भंडारण 54.05 प्रतिशत तक पहुंच गया था। अब ये आंकड़ा 69.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

इससे पहले बुधवार को मुंबई की तानसा झील भी ओवरफ्लो हो गई थी। बीएमसी ने बताया था कि पूरे ग्रेटर मुंबई इलाके को पानी सप्लाई करने वाली अहम झीलों में से एक, तानसा झील, सुबह करीब 8:51 बजे ओवरफ्लो होने लगी। तानसा बांध के गेट खोल दिए गए हैं। तानसा झील की पानी जमा करने की अधिकतम क्षमता 14,508 करोड़ लीटर है।

BMC ने जानकारी दी है कि IMD ने 23 जुलाई, 2026 को ग्रेटर मुंबई क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) की चेतावनी जारी की है। इसे ध्यान में रखते हुए, नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए। साथ ही, बृहन्मुंबई नगर निगम और मुंबई पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। BMC ने कहा है कि लोग आपातकालीन स्थिति में, मदद के लिए तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |