यूपी में मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, कैबिनेट बैठक में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना समेत कुल 18 प्रस्ताव मंजूर
July 21, 2026
उत्तर प्रदेश सरकार ने मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ी पहल की है। राज्य कैबिनेट ने 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' को मंजूरी दे दी है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस योजना के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि महिला सशक्तिकरण हेतु छात्राओं को प्रोत्साहन के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। सभी कॉलेज,राज्य विवि, निजी विवि व सम्बद्ध सभी महाविद्यालय व स्ववित्तपोषित महाविद्यालय इस परिधि के अंतर्गत आते हैं।
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। सरकार का उद्देश्य छात्राओं की उच्च शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी प्रदान की जाएगी। इसका उद्देश्य मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करना, छात्राओं के सफर को आसान बनाना, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और शिक्षा को बढ़ावा देना है।
