Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

शाहबाद: बरेली में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर,शाहबाद के 11 माह के मासूम की मौत, मां-बेटी घायल


शाहबाद के करीमगंज निवासी परिवार रिश्तेदारी में जा रहा था कार्यक्रम में, ट्रक चालक हिरासत में

शाहबाद। फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें 11 माह के मासूम पीयूष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मासूम की मां कामनी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पिता राकेश यादव और दो वर्षीय बेटी अमनी को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार शाहबाद क्षेत्र के करीमगंज गांव निवासी राकेश यादव अपनी पत्नी कामनी, बेटी अमनी और 11 माह के बेटे पीयूष के साथ बाइक पर सवार होकर थाना शाही क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में जा रहे थे। बाइक पर बेटी अमनी माता-पिता के बीच बैठी थी, जबकि पीयूष मां कामनी की गोद में था।

परिवार जैसे ही धनेटा फाटक से कुछ पहले पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान मां की गोद से छिटककर गिरे मासूम पीयूष के ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में कामनी का एक हाथ बुरी तरह कुचल गया, जबकि राकेश व बेटी अमनी को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कामनी को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मासूम पीयूष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक संख्या यूपी 34 सीटी 3082 को जब्त कर थाने लाया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को भी हिरासत में ले लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। मां कामनी बेसुध हैं और पिता राकेश यादव भी इस त्रासदी से टूट गए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |