सोशल मीडिया पर बढ़ती नफ़रत सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक संवाद तथा संविधान में निहित बंधुत्व, समानता और न्याय के मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
सोनभद्र। आज़ाद अधिकार सेना की जिला इकाई ने सोशल मीडिया पर बढ़ती घृणास्पद अभिव्यक्तियों (हेट स्पीच), सांप्रदायिक, जातीय, धार्मिक एवं राजनीतिक आधार पर फैलाए जा रहे वैमनस्य तथा हिंसा को प्रोत्साहित करने वाली सामग्री के विरुद्ध प्रभावी राष्ट्रीय नीति बनाए जाने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया।
ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया पर बढ़ती नफ़रत सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक संवाद तथा संविधान में निहित बंधुत्व, समानता और न्याय के मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। संगठन ने मांग की कि केंद्र एवं राज्य सरकारें बिना किसी राजनीतिक, धार्मिक अथवा वैचारिक भेदभाव के ऐसे मामलों में समान रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस दौरान आज़ाद अधिकार सेना द्वारा हाल ही में प्रारंभ किए गए "आस हेट वॉच" अभियान का भी उल्लेख किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया पर प्रसारित घृणास्पद, विभाजनकारी एवं हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री की निगरानी करना, ऐसे मामलों का तथ्यात्मक संकलन करना तथा समाज में अमन, सम्मान, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को प्रोत्साहित करना है।
आज़ाद अधिकार सेना ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं से नफ़रत और वैमनस्य के विरुद्ध तथा संविधान की मूल भावना के पक्ष में आगे आने की अपील की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राहुल पटेल, मंडल प्रभारी मिर्जापुर शोभित कुमार सिंह, जिला प्रभारी सोनभद्र सुशील कुमार, संगठन मंत्री सोनभद्र अरविंद जायसवाल तथा महिला ब्रिगेड जिला अध्यक्ष सुषमा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
