Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ईरान ने अमेरिका के साथ कतर में किसी भी तरह की प्रस्तावित बातचीत से किया इनकार


ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए साफ किया है कि आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत तय नहीं है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि कतर की राजधानी दोहा में ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत के लिए है। ईरान की समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगई ने प्रेस वार्ता में कहा, 'आने वाले दिनों में अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर हमारी कोई बातचीत तय नहीं है।

प्रवक्ता ने कहा, 'अमेरिकी प्रतिनिधियों की कतर यात्रा का ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से कोई संबंध नहीं है। हमारा प्रतिनिधिमंडल MoU के प्रावधानों, खासकर अनुच्छेद-11 के क्रियान्वयन की समीक्षा और उसे आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कतर जा रहा है।' उन्होंने यह भी साफ किया कि व्यापक और अंतिम समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है।

बगई ने बताया कि 14 सूत्रीय MoU के अनुच्छेद-13 के अनुसार अंतिम समझौते पर बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब अनुच्छेद 1, 4, 5, 10 और 11 के तहत तय उपायों का क्रियान्वयन शुरू हो जाए और लगातार जारी रहे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ये सभी प्रावधान दोनों पक्षों के बीच विश्वास बहाली के लिए जरूरी हैं और इनके लागू होने के बाद ही अंतिम समझौते पर औपचारिक वार्ता शुरू की जा सकती है।

बगई ने बताया कि अनुच्छेद-11 के तहत अमेरिका को ईरान की फ्रीज या प्रतिबंधित संपत्तियों और फंड को आपसी सहमति से तय प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए जरूरी लाइसेंस और अन्य अनुमतियां भी जारी करनी होंगी, ताकि ईरान अपने पैसे का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने दोहराया कि अनुच्छेद-13 के मुताबिक पहले इन 5 प्रमुख प्रावधानों का क्रियान्वयन शुरू होना और जारी रहना जरूरी है। इसके बाद ही अंतिम समझौते पर बातचीत आगे बढ़ेगी।

दूसरी ओर, व्हाइट हाउस ने दावा किया है कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जारेड कुशनर मंगलवार को दोहा जाएंगे, जहां ईरान के साथ बातचीत की जाएगी। यह पहल हाल ही में हॉर्मुज जलडमरूमध्य में दोनों पक्षों के बीच हुए तनाव और सैन्य गतिविधियों के बाद की जा रही है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि यह बैठक ईरान के अनुरोध पर हो रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |