प्रतापगढ़। किसानों को आधुनिक, टिकाऊ एवं लाभकारी खेती के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान एवं खेत बचाओ अभियान-2026 के तहत बुधवार को जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में कृषि संगोष्ठियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को नई तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड मान्धाता की ग्राम सभाओं धेम और सराय भीमसेन, विकास खण्ड सदर की ग्राम सभाओं सरायमहिमा और बरिया समुद्र तथा विकास खण्ड लालगंज की ग्राम सभाओं गारापुर और रघौली में कृषि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. प्रसेनजीत देबनाथ, एम.पी. सिंह, यतेंद्र कुमार, डॉ. एन.के. सिंह एवं पी.के. सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, उत्पादन लागत कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। विशेषज्ञों ने बीज शोधन, भूमि परीक्षण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, संतुलित उर्वरक प्रयोग, हरी खाद के उपयोग तथा जैव उर्वरकों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही फसलों को रोगों एवं कीटों से बचाने, मृदा स्वास्थ्य सुधारने तथा पर्यावरण अनुकूल खेती अपनाने के उपायों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान किसानों का फार्मर रजिस्ट्रीकरण भी कराया गया तथा उन्हें कृषि विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
उप कृषि निदेशक अश्वनी कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि अभियान के तहत 18 जून को विकास खण्ड लक्ष्मणपुर की ग्राम सभाओं चंदाव सोम बनियान एवं छेमर सराय, विकास खण्ड लालगंज की ग्राम सभाओं समापुर एवं काजीपुर तथा विकास खण्ड मान्धाता की ग्राम सभाओं बेलखारी एवं पूरे लाल में भी कृषि संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिकाधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती के नवीन तरीकों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, जिससे खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाया जा सके।लेवा धमकी दी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
