बीसलपुर। बरखेड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत रंभोजा में एक तालाब से लगातार पानी निकाले जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मछली पालन के लिए पट्टे पर दिए गए तालाब को पंपिंग सेट लगाकर खाली किया जा रहा है, जिससे तालाब का अस्तित्व संकट में पड़ गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सरकार एक ओर जल संरक्षण को बढ़ावा देने और तालाबों को संरक्षित रखने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर तालाबों को समाप्त करने पर तुले हुए हैं।
जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग द्वारा रामकृपाल पुत्र मेवाराम को मछली पालन के लिए तालाब का पट्टा आवंटित किया गया था। आरोप है कि पट्टेदार ने तालाब में पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालना शुरू कर दिया। इससे तालाब का जलस्तर लगातार कम हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में तालाब पशु-पक्षियों और आवारा गौवंश के लिए पानी का प्रमुख स्रोत हैं। यदि तालाब सूख गया तो क्षेत्र में जल संकट और गहरा सकता है।ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक विवेक वर्मा से भी शिकायत की थी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंपिंग सेट हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद तालाब से पानी निकाला जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर तालाब को बचाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
