प्रतापगढ़। जिले में बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय मीराभवन पर गढ़ माण्डला की महारानी दुर्गावती गोंड जी के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि महारानी दुर्गावती गोंडवाना साम्राज्य की एक साहसी और कुशल वीरांगना थी। उनका जन्म चंदेल राजवंश में हुआ था। और उनका विवाह गोंड राजा दलपत शाह से हुआ था। पति के असमय मृत्यु के बाद उन्होंने अपने अल्पायु पुत्र वीर नारायण को सिंहासन पर बिठाकर गोंडवाना राज की बागडोर सक्षम शासक के रूप में कुशलता पूर्वक राज्य का संचालन किया। और मुगलों की अधीनता कभी स्वीकार नहीं की, मुगल बादशाह अकबर के सेनापति आसिफ खान ने गोंडवाना पर आक्रमण कर दिया, रानी ने अपनी सेना का नेतृत्व करते हुए उनका डटकर मुकाबला किया। मुगलों के साथ युद्ध में बुरी तरह घायल हो जाने के बाद दुश्मन के हाथों बंदी बनने और अपना सम्मान बचाने के लिए उन्होंने स्वयं अपनी कटार अपने सीने में घोंपकर वीरगति प्राप्त की। उनके साहस और बलिदान को इतिहास में बहुत सम्मान के साथ याद किया जाता है।
उक्त अवसर पर जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, कोषाध्यक्ष अश्वनी सोनी, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मनीष पाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रामबहादुर पटेल, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, अनिल मौर्या, वकार अहमद, समीम खान, अनिल गौतम, मो.असलम, अनाम अहमद, तौफीक आलम, फैजान खान, संदीप पाण्डेय सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
