पीलीभीत। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को पूरनपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ष्जग्गाष् ने किया, जबकि संयोजन समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार ष्राजूष् ने किया। विधानसभा अध्यक्ष संजय सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत राजकुमार राजू के कार्यालय से हुई, जहां से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे।
ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने, किसानों को समय पर उचित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी रोकने, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गन्ना किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाई गई। इसके अलावा जर्जर सड़कों के निर्माण, बेहतर पेयजल व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई मुद्दों को भी शामिल किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ष्जग्गाष् ने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। वहीं किसान खाद, बीज और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है तथा आवारा पशु उसकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार ष्राजूष् ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। लाखों शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकारी विभागों में हजारों पद रिक्त पड़े हुए हैं। उन्होंने सरकार से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।राजू ने पूरनपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, क्षेत्र में खेल स्टेडियम के निर्माण तथा छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय और अध्ययन केंद्र स्थापित करने की मांग रखी।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी किसानों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में सपा के जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
