Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: चाइनीज मांझे का खूनी खेल जारीरू राज्यमंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे वीर सिंह की गर्दन कटी, हालत गंभीर! प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा जानलेवा मांझा, आखिर जिम्मेदार कौन?


पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक दावों और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद यह जानलेवा मांझा लगातार लोगों की जिंदगी निगलने पर आमादा है। सोमवार को बरेली के श्यामगंज फ्लाईओवर पर एक और दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। इस बार चाइनीज मांझे की चपेट में प्रदेश सरकार के गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे वीर सिंह गंगवार आ गए, जिनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।यह हादसा सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और प्रतिबंधित सामग्री की खुलेआम बिक्री पर बड़ा सवाल है। आखिर जब सरकार ने चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है तो फिर यह बाजारों तक कैसे पहुंच रहा है?

किसकी शह पर मौत का यह सामान बेचा जा रहा है?

वीर सिंह गंगवार, जो राज्यमंत्री संजय गंगवार के भाई एवं जनपद पीलीभीत ललौरीखेड़ा खेड़ा के ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार के पुत्र हैं, सोमवार को अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। जब वह श्यामगंज फ्लाईओवर से गुजर रहे थे तभी सड़क पर फैला हुआ चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में उलझ गया। अचानक हुए इस हादसे से वीर सिंह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। खून से लथपथ किशोर को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

मंत्री का फूटा गुस्सा, बोले- प्रतिबंध के बाद भी कैसे बिक रहा मांझा?

घटना की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री संजय गंगवार पीलीभीत से तुरंत बरेली के लिए रवाना हो गए। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने अपने भतीजे का हालचाल जाना और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि चाइनीज मांझा पहले से प्रतिबंधित है, फिर भी इसका बाजार में उपलब्ध होना बेहद चिंताजनक और गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

डीएम और एसएसपी से होगी बात, कार्रवाई के निर्देश

पीलीभीत से पहुंचे राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि वह जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बात करेंगे ताकि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। वहीं अनुराग आर्य ने भी वीडियो बयान जारी कर कहा है कि चाइनीज मांझे की बिक्री और आपूर्ति करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस पहले भी ऐसे कई दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन अब दोबारा उन क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा जहां इस जानलेवा मांझे की खरीद-फरोख्त की जा रही है।

हर साल होते हैं हादसे, फिर भी नहीं रुक रहा मौत का कारोबार

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हर वर्ष ऐसे दर्दनाक हादसों के बाद भी प्रशासन क्यों नहीं जागता? बरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में चाइनीज मांझे से लोगों की गर्दन कटने, बाइक सवारों के घायल होने और यहां तक कि मौत होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पतंगबाजी के शौक के नाम पर बिकने वाला यह मांझा सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं बल्कि पक्षियों के लिए भी मौत का कारण बन रहा है। दर्जनों पक्षी हर वर्ष इसकी चपेट में आकर जान गंवा देते हैं। बावजूद इसके बाजारों में इसकी उपलब्धता प्रशासनिक दावों की पोल खोलती नजर आती है।

प्रतिबंध है तो फिर बिक्री क्यों?

सरकार ने चाइनीज मांझे के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद शहरों और कस्बों में यह धड़ल्ले से बिक रहा है। त्योहारों और पतंगबाजी के मौसम में कई दुकानदार मोटे मुनाफे के लालच में लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।

वीर सिंह गंगवार के साथ हुआ हादसा यह साबित करता है कि प्रतिबंध का पालन कराने वाली एजेंसियां पूरी तरह प्रभावी नहीं हैं। जब एक मंत्री के परिवार का सदस्य भी सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

जनता पूछ रही सवाल

अब जनता पूछ रही है कि आखिर कब तक चाइनीज मांझा लोगों की गर्दन काटता रहेगा? कब तक प्रशासन हादसों के बाद कार्रवाई का भरोसा देता रहेगा? और कब उन लोगों पर ऐसी सख्त कार्रवाई होगी जो कुछ पैसों के लालच में मौत का यह सामान बेच रहे हैं?

वीर सिंह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। पूरा क्षेत्र उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। लेकिन यह हादसा प्रशासन और कानून व्यवस्था के लिए भी एक बड़ा आईना बन गया है, जिसमें प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री की सच्चाई साफ दिखाई दे रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |